"30 जून तक नहीं मिली अंकसूची, शिक्षा विभाग पर फूटा गुस्सा! प्रभारी डीईओ और बीईओ के खिलाफ एफआईआर की मांग", कुनकुरी के अधिवक्ता विष्णु प्रसाद कुलदीप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप।


02/07/2026

"30 जून तक नहीं मिली अंकसूची, शिक्षा विभाग पर फूटा गुस्सा! प्रभारी डीईओ और बीईओ के खिलाफ एफआईआर की मांग"
कुनकुरी के अधिवक्ता विष्णु प्रसाद कुलदीप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप।

जशपुर। जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों की अंकसूची समय पर जारी नहीं होने का मामला तूल पकड़ा। 

इस मुद्दे को लेकर कुनकुरी के अधिवक्ता एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद कुलदीप ने कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 30 जून 2026 तक जिले के अनेक विद्यार्थियों को कक्षा 5वीं एवं 8वीं की अंकसूची उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे दूसरे जिलों और स्कूलों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई छात्रों का समय पर प्रवेश भी नहीं हो पा रहा है।

अधिवक्ता विष्णु प्रसाद कुलदीप ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि नेता प्रतिपक्ष, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय को भी भेजी गई है।

इस मामले में जब कुनकुरी, दुलदुला, फरसाबहार विकासखंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर चर्चा करने पर उनके द्वारा गोलमोल जवाब देते हुए जल्द ही अंकसूची जारी करने की बात कही गई। 

फिलहाल पांचवीं और आठवीं की अंकसूची किसी भी स्कूली बच्चों को नहीं दिया गया है।

आपको यह भी बताते चलें कि यह मामला मुख्यमंत्री के गृह जिले का है बावजूद इस जिले में शिक्षा विभाग के अधिकारीयों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

बहरहाल अब इस मामले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग क्या कदम उठाता है, इस पर विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post