कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी में तड़के बड़ा सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी 'जय बालाजी' बस, 10 से अधिक यात्री घायल, ALS टीम ने बचाईं कई जानें

03/07/2026

कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी में तड़के बड़ा सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी 'जय बालाजी' बस, 10 से अधिक यात्री घायल, ALS टीम ने बचाईं कई जानें

कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र के टांगरपानी में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ (झारखंड) से कोरबा जा रही 'जय बाला' ट्रैवल्स की यात्री बस सुबह करीब 3:30 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डायवर्शन में पलट गई। 

हादसे के समय बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे, जो गहरी नींद में थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बस डायवर्शन के नीचे जा गिरी। हालांकि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा जनहानि टल गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी की एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। EMT सत्येंद्र और पायलट अभिषेक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में 10 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कुनकुरी अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में जशपुर की रहने वाली श्रीमती शोभंती भगत (50 वर्ष) और उनकी पुत्री रीमा भगत (23 वर्ष) भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। चालक के नशे में होने के दावे की भी जांच के बाद ही आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post