जशपुर - प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में फर्जीवाड़ा! फर्जी एनओसी से निकाली हितग्राहियों की राशि, दो आरोपियों पर एफआईआर,,, नकली सील और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 74 हजार रुपये निकालने का आरोप, बैंक की सतर्कता से खुला मामला

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में फर्जीवाड़ा! फर्जी एनओसी से निकाली हितग्राहियों की राशि, दो आरोपियों पर एफआईआर दर्ज। 
नकली सील और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 74 हजार रुपये निकालने का आरोप, बैंक की सतर्कता से खुला मामला

जशपुर, 10 जुलाई। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की राशि फर्जी दस्तावेजों के जरिए निकालने का मामला सामने आया है। फर्जी एनओसी, नकली सील और सचिव के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर हितग्राहियों के खातों से पैसे निकालने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत महुआ के सचिव मंगतू भगत ने थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों के खातों से फर्जी बैंक एनओसी के आधार पर राशि का आहरण किया गया।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी विनोद यादव और इन्द्रजीत यादव ने सचिव के नाम से फर्जी एनओसी तैयार कर ग्रामीण बैंक सन्ना से हितग्राही रैनु राम के खाते से 25 हजार रुपये, गंगा राम के खाते से 27 हजार रुपये तथा जितनी बाई के खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 74 हजार रुपये की राशि का कथित गबन किया गया।
मामले का खुलासा 1 जुलाई 2026 को उस समय हुआ, जब पंजाब नेशनल बैंक बगीचा में एक अन्य हितग्राही शिवकुमार के खाते से 1.20 लाख रुपये निकालने के लिए प्रस्तुत एनओसी पर सचिव के हस्ताक्षर संदिग्ध पाए गए। बैंक अधिकारियों ने सचिव से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पहले हुई निकासी का भी खुलासा हो गया।

शिकायत के आधार पर सन्ना पुलिस ने आरोपी विनोद यादव और इन्द्रजीत यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 318, 336(1), 338 और 341 के तहत अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अशोक यादव को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजना की राशि निकालने के पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post