कुनकुरी - दिल्ली के जंतर मंतर पर पेपर लीक मामले में छात्र-छात्राओं की मांग के अनुरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को कुनकुरी में कांग्रेस ने छात्र-छात्राओं के साथ विजय जुलूस निकाला। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
विजय जुलूस की शुरुआत स्थानीय खेल मैदान से हुई। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची और जय स्तंभ चौक में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने नारे लगाते हुए अपनी मांग पूरी होने पर खुशी व्यक्त की।
जय स्तंभ चौक में आयोजित सभा के दौरान सभी ने कैंडल जलाकर पेपर लीक मामले में आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक प्रकरण में छात्र-छात्राओं के साथ अमानवीय और बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्र- छात्राओं के समर्थन में सभी धर्मों के लोग नाश्ते और भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं, जो देशभर में छात्रों के प्रति बढ़ते समर्थन का प्रतीक है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र - छात्राओं के साथ मारपीट करना उनके भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता, छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
इस दौरान कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह तैनात रहा और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जशपुर, कुनकुरी, बगीचा, फरसाबहार, दुलदुला, कांसाबेल एवं पत्थलगांव सहित जिले भर से कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।