कुनकुरी।
जशपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। घुघरी कमतरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस सड़क दुर्घटना में घायल सुरेश राम निवासी केराडीह-बीजाडांड़ ने बताया कि उसके साथ पुनु और सातू (निवासी बासुदेवपुर) ग्लैमर बाइक से दुलदुला गए हुए थे। वापस अपने गांव केराडीह लौटते समय घुघरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पीछा करके ट्रेलर को रोकते हुए चालक को पकड़ा। चालक की पहचान आशीष यादव, निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अंबिकापुर से खाली ट्रेलर लेकर झारसुगुड़ा जा रहा था।
कुनकुरी पुलिस द्वारा ट्रेलर ट्रक को कुनकुरी थाने में जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।