जुलाई की अतिरिक्त वेतन वृद्धि पर शिक्षक संघ का बड़ा फैसला, अगस्त में समायोजन की मांग। जनवरी 2027 की वेतन वृद्धि नियमानुसार देने की मांग, बीईओ को सौंपा लिखित आवेदन।

Deepak Verma kunkuri 

13/08/2026

कुनकुरी, 13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, विकासखंड कुनकुरी ने जुलाई 2026 में शिक्षकों को प्रदान की गई अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि को अगस्त 2026 के वेतन में समायोजित करने की मांग उठाई है। संघ ने इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कुनकुरी को लिखित आवेदन सौंपते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। 

संघ के अनुसार संबंधित शिक्षकों की नियुक्ति जून 2022 में हुई है और उनकी वेतन वृद्धि का निर्धारित माह जनवरी है। जनवरी 2026 में वेतन वृद्धि मिल चुकी है, ऐसे में अगली वेतन वृद्धि जनवरी 2027 में देय है। इसके बावजूद जुलाई 2026 में अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि दिए जाने से वेतन निर्धारण के क्रम में विसंगति की स्थिति बन गई है।

अगस्त के वेतन में हो अतिरिक्त राशि का समायोजन

शिक्षक संघ ने मांग की है कि जुलाई 2026 में प्रदान की गई अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि को अगस्त 2026 के वेतन में समायोजित किया जाए और जनवरी 2027 में शिक्षकों को नियमानुसार वेतन वृद्धि प्रदान की जाए। संघ का कहना है कि इससे वेतन निर्धारण में पारदर्शिता बनी रहेगी और भविष्य में वेतन संबंधी विसंगतियों से बचा जा सकेगा।

कर्मचारी हित में उठाया कदम

संघ ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि नियम सम्मत वेतन निर्धारण और भविष्य की वेतन संबंधी विसंगतियों को रोकने के उद्देश्य से की गई है। समय रहते अतिरिक्त राशि का समायोजन होने से आगे वेतन निर्धारण को लेकर भ्रम की स्थिति भी नहीं बनेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ विकासखंड कुनकुरी की अध्यक्ष नमिता नायक, सचिव कुसुम लता निषाद, जिला उपाध्यक्ष अजय वर्मा, जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार एवं प्रदेश अध्यक्ष धरमदास बंजारे सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उषा रानी टोप्पो, उपाध्यक्ष संदीप रम, सह सचिव शोभाबती साव, कोषाध्यक्ष संध्या मिरी, सह कोषाध्यक्ष दीपक रम, संगठन प्रभारी ज्योति कंवर, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार कंवर, शैक्षिक प्रभारी वंदना मिंज तथा प्रवक्ता देवकुमारी साहू सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने भी मांग का समर्थन किया है।

संघ ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए अगस्त 2026 के वेतन में अतिरिक्त राशि का समायोजन करने तथा जनवरी 2027 की वेतन वृद्धि नियमानुसार सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post