⚽ सावन की झमाझम बारिश में फुटबॉल का महाकुंभ... गोरटोलाइन-गिनाबहार टूर्नामेंट में चौथे दिन रोमांच चरम पर, बारिश भी नहीं रोक सकी दर्शकों का जुनून।
जशपुर/कुनकुरी। सावन की झमाझम बारिश के बीच जशपुर जिले में फुटबॉल का जुनून अपने चरम पर है। एक ओर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, तो दूसरी ओर गोरटोलाइन-गिनाबहार फुटबॉल नॉकआउट टूर्नामेंट में खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। टूर्नामेंट के चौथे दिन लगातार बारिश के बावजूद मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और खिलाड़ियों ने भी रोमांचक मुकाबलों से सभी का भरपूर मनोरंजन किया।
चौथे दिन कुल चार नॉकआउट मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में FC जामचुंवा ने कड़े संघर्ष के बाद ब्लैक टाइगर बेमताटोली को 2-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। दूसरे मुकाबले में दीपशिखा ब्रदर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुजूर ब्रदर्स को 4-1 से मात दी। वहीं तीसरे मुकाबले में FC घोलेंग ने बेहद रोमांचक मुकाबले में संत टेरेसा लुडेग को 1-0 से हराया। वहीं दिन का चौथा मुकाबला मसीही क्लब कुमुनसिया और FC गड़ककिया के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में FC गड़ककिया ने जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट हासिल किया।
टूर्नामेंट केवल खेल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक संदेश का भी मंच बना। आयोजक एवं खेलप्रेमी प्रदीप लकड़ा, वाल्टर कुजूर, आशीष जॉनी, विकास नाग, जोनक्रूस, अनिल धानसोन और अमनदीप मिंज ने मैदान में मौजूद दर्शकों से सड़क सुरक्षा का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।
प्रतियोगिता की एक विशेष और सराहनीय पहल भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। प्रतिदिन 60 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए 'सिंगल किक ओपन नेट गोल' प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। पुराने खिलाड़ियों को एक बार फिर मैदान में अपने हुनर का प्रदर्शन करते देख दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं। यह पहल युवा खिलाड़ियों को खेल की विरासत से जोड़ने के साथ-साथ वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मान देने का अनूठा प्रयास बन गई है।
सावन की फुहारों के बीच जारी यह फुटबॉल महाकुंभ अब जिले के खेलप्रेमियों के लिए उत्सव का रूप ले चुका है। हर दिन रोमांचक मुकाबले, हजारों दर्शकों की मौजूदगी और सामाजिक सरोकारों के संदेश इस टूर्नामेंट को जिले की सबसे चर्चित खेल प्रतियोगिताओं में शामिल कर रहे हैं।