जशपुर में रफ्तार का कहर: ट्रक की जोरदार टक्कर से बाइक चालक की मौत, हादसे के बाद फरार ट्रक वाहन लोदाम में पकड़ाया
जशपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। डोड़काचौरा स्थित रंगोली ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रूपेश साव अंकिरा के रूप में हुई है।
रूपेश साव मूलतः ग्राम अंकिरा के रहने वाले थे और जशपुर शहर में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान संचालित करते थे।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक को लोदाम थाना क्षेत्र में पकड़ लिया गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक रूपेश साव को सिर में गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने साव परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। रूपेश साव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
त्योहार से पहले हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर सड़क दुर्घटना में हुई मौत को सामने ला दिया है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।