जशपुर / रक्षाबंधन पर बहनों से संवाद: CM साय ने बंधाई राखी, 64 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का लोकार्पण, 3 करोड़ 23 लाख की सड़क।


जशपुर / पंडरीपानी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में आयोजित रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद कार्यक्रम आत्मीयता, सम्मान और भाई-बहन के स्नेह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और क्षेत्र की महिलाओं से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री साय को राखी बांधकर अपना स्नेह जताया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। कार्यक्रम में “बहनों का मान, विष्णु भैया का सम्मान, महिलाओं के सशक्तिकरण से समृद्ध छत्तीसगढ़ महान” की भावना साफ तौर पर दिखाई दी।

रक्षाबंधन सिर्फ स्नेह नहीं, बहनों की सुरक्षा और अधिकारों का संकल्प भी: CM साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह बहनों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता जताने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

पंडरीपानी को 64 लाख के विकास कार्यों की सौगात।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंडरीपानी में करीब 64 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें ‘महतारी सदन’ का लोकार्पण भी शामिल है।
महतारी सदन में महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण, रसोईघर और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्व-सहायता समूहों और महिला संगठनों की गतिविधियों के संचालन के लिए महिलाओं को सुविधाजनक और सम्मानजनक स्थान मिल सकेगा।

फरसाबहार और भेलवा में भी बनेगा महतारी सदन।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्य मार्ग से दानीमुड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने की जानकारी दी गई।

पंडरीपानी में SBI स्टेट बैंक की नई शाखा का लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का उद्घाटन किया, वहीं इस बैंक के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सुविधाएं मिलेगी।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जहां भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता को मजबूत किया, वहीं क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post