विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या से परेशान थे। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
आर्थिक तंगी बनी इलाज में बड़ी बाधा
अविनाश ने कुछ वर्ष पहले उपचार के लिए जिला अस्पताल में संपर्क किया था। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान जाने की सलाह दी, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण महंगे इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था।

इसके बाद बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में अपनी समस्या रखी। कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर भेजा गया।
DKS अस्पताल में सफल ऑपरेशन, अब आसानी से कर रहे रोजमर्रा के काम।
रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में अविनाश का उपचार और ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिरने के साथ अपने दैनिक कार्य कर पा रहे हैं। सफल इलाज के बाद अविनाश आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उनका आभार जताया। भावुक अविनाश ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अच्छे अस्पताल में इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं था। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या को गंभीरता से लिया गया और रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उनका सफल इलाज कराया गया।
जरूरतमंदों के लिए उम्मीद का केंद्र बना कैंप कार्यालय
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कठिन परिस्थितियों में उपचार सहित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। अविनाश की कहानी इस बात की मिसाल है कि समय पर मिली संवेदनशील मदद किसी जरूरतमंद के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है।
कैंप कार्यालय अब केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद, विश्वास और सहारे का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।