TET अनिवार्यता और वेतन विसंगति के खिलाफ शिक्षक आर-पार के मूड में, 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान।
कुनकुरी। छत्तीसगढ़ शिक्षक साझा मंच के आह्वान पर शिक्षक संवर्ग की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर कुनकुरी विकासखंड के शिक्षक भी अब आंदोलन की राह पर हैं। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, विकासखंड कुनकुरी की ओर से 25 अगस्त 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी को पत्र सौंपकर 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन की पूर्व सूचना दी गई है।
शिक्षकों ने यह आंदोलन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बगिया स्थित निवास (जशपुर) एवं शिक्षा मंत्री के दुर्ग स्थित निवास के समक्ष करने का निर्णय लिया है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि लंबे समय से शिक्षक संवर्ग की न्यायोचित मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित सकारात्मक निर्णय नहीं होने से शिक्षकों में आक्रोश और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
TET अनिवार्यता से सेवा सुरक्षा और पदोन्नति की मांग।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ में पूर्व से कार्यरत शिक्षकों को TET अनिवार्यता के मामले में सेवा सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। शिक्षक संगठनों ने अन्य राज्यों का हवाला देते हुए वरिष्ठता के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है।
वेतन विसंगति दूर करने और पूर्व सेवा गणना की मांग।
शिक्षकों ने सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना करने तथा क्रमोन्नत वेतनमान सहित सभी वित्तीय एवं सेवा लाभ देने की मांग उठाई है। साथ ही पुरानी पेंशन योजना (OPS) समेत अन्य सेवा लाभ प्रदान करने की मांग भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
फेडरेशन ने पत्र के माध्यम से शासन-प्रशासन को स्पष्ट किया है कि मांगों के निराकरण के लिए 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन में विकासखंड एवं जिले के शिक्षक संवर्ग के शामिल होने का निर्णय लिया गया है।
शिक्षक संगठन ने कहा कि यह आंदोलन शिक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं के समाधान और न्यायोचित मांगों को लेकर किया जा रहा है। अब गेंद शासन के पाले में है कि वह आंदोलन से पहले शिक्षकों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है।
कुनकुरी में शिक्षकों के आंदोलन के ऐलान से शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।