संकल्प कुनकुरी का शिक्षा के क्षेत्र में धमाकेदार प्रदर्शन! मेडिकल-इंजीनियरिंग में विद्यार्थियों का चयन, जिले का नाम किया रोशन, 10वीं बोर्ड के 8 टॉपर, 12वीं की एक छात्रा राज्य प्रावीण्य सूची में बना चुकी है जगह; NEET, NIT और मेडिकल कॉलेजों में चयन से संस्थान में खुशी की लहर


Deepak Verma kunkuri news 26/09/2026

कुनकुरी/जशपुर। शिक्षा के क्षेत्र में जशपुर जिले का गौरव बढ़ाते हुए संकल्प कुनकुरी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर स्वर्णिम सफलता हासिल की है। वर्ष 2020 में स्थापित संकल्प कुनकुरी के छात्र-छात्राओं ने न केवल बोर्ड परीक्षाओं की राज्य प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है, बल्कि देश के प्रतिष्ठित मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थानों में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संस्थान के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से कुनकुरी सहित पूरे जशपुर जिले में हर्ष का माहौल है।

मेडिकल और इंजीनियरिंग में चयन, विद्यार्थियों ने रचा इतिहास

संकल्प कुनकुरी के वर्ष 2025 और 2026 बैच के विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर संस्थान की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है।
वर्ष 2025 बैच के विद्यार्थियों में देवेश पैंकरा का चयन जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। 

वहीं आदित्य राज गुप्ता ने एनआईटी रायपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच, रोशनदीप लकड़ा ने एनआईटी दुर्गापुर के कंप्यूटर साइंस ब्रांच, अर्जुन सिन्हा ने एनआईटी रायपुर के बायोटेक्नोलॉजी ब्रांच और आयुष पॉल मिंज ने एनआईटी रायपुर के बायोमेडिकल साइंस ब्रांच में चयनित होकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

इसी तरह वर्ष 2026 बैच के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। इशांत खलखो का चयन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT), नागपुर में हुआ है। कांता पैंकरा ने गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर के इलेक्ट्रिकल ब्रांच तथा सेजल कुजूर ने गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के आईटी ब्रांच में चयन प्राप्त किया है।

इसके अलावा इस वर्ष संस्थान के पांच विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा क्वालीफाई की है। बेहतर रैंक हासिल करने के लक्ष्य के साथ ये विद्यार्थी पुनः तैयारी में जुटे हुए हैं।

बोर्ड परीक्षाओं में भी संकल्प का दबदबा

संकल्प कुनकुरी की सफलता का सिलसिला केवल मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। स्थापना के बाद से ही संस्थान के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
अब तक संस्थान के कुल आठ विद्यार्थी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉपर बन चुके हैं, जबकि कक्षा 12वीं की एक छात्रा ने राज्य प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों ने संकल्प कुनकुरी को जिले में शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई है।

अधिकारियों और शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता

विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन के साथ संस्थान के शिक्षकों एवं कोचिंग शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस सफलता में कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, कुनकुरी एसडीएम नंदजी पांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता तथा संकल्प कुनकुरी के प्राचार्य वाई.आर. कैवर्त सहित समस्त शिक्षकों और कोचिंग शिक्षकों का योगदान रहा है।

सभी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

संकल्प कुनकुरी के विद्यार्थियों की यह सफलता साबित करती है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थानों तक पहुंचकर अपने जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post