जशपुर में नर हाथी की हत्या के मामले में वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कसा शिकंजा, 6 आरोपी गिरफ्तार; 14 लोगों के समूह की संलिप्तता से मचा हड़कंप,जंगल में डेढ़ किलोमीटर तक बिछाया था अवैध बिजली का तार, हाथी की मौत के बाद साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश; बाकी संदिग्धों की तलाश में जुटा वन विभाग।




जशपुर :- जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी की करंट से मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम ढोढीआरा के समीप जंगल में अवैध विद्युत तार बिछाकर वन्यजीवों का शिकार करने के मामले में करीब 14 लोगों के समूह की संलिप्तता की जानकारी सामने आने से हड़कंप मच गया है। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।

डेढ़ किलोमीटर तक बिछाया करंट का जाल, हाथी की दर्दनाक मौत

दरअसल यह मामला 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे का है, जब दुलदुला वन परिक्षेत्र के ग्राम ढोढीआरा के समीप जंगल में एक जंगली हाथी मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

हालांकि, हाथी की मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि फॉरेंसिक परीक्षण और संबंधित रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

6 गिरफ्तार, बाकी संदिग्धों पर शिकंजे की तैयारी

वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद 25 सितंबर की शाम न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग अब अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ यह भी जांच कर रहा है कि कहीं इस समूह की पूर्व में हुए वन्यजीव शिकार की घटनाओं में भी भूमिका तो नहीं रही है। विद्युत विभाग से तकनीकी परीक्षण और बिजली आपूर्ति से संबंधित अभिलेख भी जुटाए जा रहे हैं।

वन विभाग की जांच जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि जंगल में अवैध विद्युत तार बिछाने, वन्यजीवों के शिकार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग अथवा नजदीकी पुलिस थाने को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post