कुनकुरी के पहाड़मुड़ा में पत्थर खदान को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ब्लास्टिंग के दौरान 3.4 फीट का गिरा विशाल पत्थर, बाल-बाल बचा परिवार;, ग्राम सभा पहले ही पारित कर चुकी है खदान बंद कराने का प्रस्ताव, कलेक्टर से लगाई गुहार, सौंपा ज्ञापन।


जशपुर/कुनकुरी :- कुनकुरी जनपद के रेमते ग्राम पंचायत अंतर्गत पण्डरीपानी (पहाड़मुड़ा) में संचालित पत्थर खदान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने खदान में कथित तौर पर हो रही खतरनाक ब्लास्टिंग और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जशपुर कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र के बेहद करीब संचालित खदान में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थरों के उड़कर घरों और आसपास के क्षेत्र में गिरने का खतरा बना रहता है। 12 अगस्त 2026 को हुई ब्लास्टिंग ने इस खतरे को हकीकत में बदल दिया, जब करीब 3.4 फीट का भारी पत्थर उड़कर पण्डरीपानी निवासी दिलीप राम के घर के ठीक पीछे जा गिरा। पत्थर जमीन में धंस गया, जबकि करीब 8×17 इंच का एक अन्य टुकड़ा घर के बगल में आ गिरा। घटना के वक्त घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने इस दर्दनाक ब्लास्टिंग के कारण क्षतिग्रस्त कुँए, बोर एवं घरों के दीवारों में दरार आने की बात कही। 

कलेक्टर ने दिया जांच और कार्रवाई का भरोसा

ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता से कलेक्टर रोहित व्यास को अवगत कराया। 

वहीं दिलीप राम ने बताया कि कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में खदान में किसी भी तरह की अनियमितता, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन या अन्य कमी पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और खदान बंद भी कराया जा सकता है।

ग्राम सभा में खदान बंद करने का प्रस्ताव पारित

रेमते पंचायत की सरपंच श्रीमती सरिता ने बताया कि खदान आबादी के काफी नजदीक है और लगातार होने वाली ब्लास्टिंग से ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए ग्राम सभा में खदान बंद करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। सरपंच ने प्रशासन से खदान को अविलंब बंद कराने की मांग की है।

बिना चेतावनी ब्लास्टिंग और पंचायत अनुमति पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि खदान में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के बजाय बाहर से मजदूर लाकर काम कराया जाता है। उनका दावा है कि कई बार बिना पूर्व सूचना और चेतावनी सायरन के भारी ब्लास्टिंग की जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान जोखिम में रहती है।

ग्रामीणों ने पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में खदान के संचालन और रिन्यूअल को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वैध पंचायत अनुमति/NOC के बिना कथित तौर पर खदान का रिन्यूअल कराया गया। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

अब ग्राम सभा के प्रस्ताव और कलेक्टर के जांच के आश्वासन के बाद ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि जांच पूरी कर खदान को तत्काल बंद किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post