💪💪 कुनकुरी में गूंजा दम-खम का जोर, 40 खिलाड़ियों ने दिखाया पावर! फर्स्ट डिस्ट्रिक्ट पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में लड़कियों ने भी दिखाया शानदार दमखम, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने 50 किलो वर्ग में लगाया शॉट।


कुनकुरी :- मिश्रा एंड फिटनेस हब के नेतृत्व में रविवार को मंगल भवन कुनकुरी में फर्स्ट डिस्ट्रिक्ट पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में करीब 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी ताकत, फिटनेस और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने मिला।

प्रतियोगिता में स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसे मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में लड़कियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत एवं प्रतिभा का लोहा मनवाया। 


महिला खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में चार चांद लगा दिए।

प्रतियोगिता के दौरान करीब 10 खिलाड़ियों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश की। खेल और सामाजिक सरोकार के इस अनूठे संगम की भी खूब सराहना हुई।

इस आयोजन की पहल नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट राहुल मिश्रा ने जिले के विभिन्न संस्थानों के सहयोग से की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को बॉडी बिल्डिंग के साथ-साथ पावर लिफ्टिंग जैसे खेलों में करियर के अवसरों से जोड़ना और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।

रायपुर से पहुंचे सब इंस्पेक्टर जहीर भगत, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

प्रतियोगिता में रायपुर से आए सब इंस्पेक्टर जहीर भगत भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल एवं फिटनेस के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि की सराहना की। उनके शामिल होने से खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए 50 किलो वर्ग में शॉट लगाकर प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कुनकुरी में पहली बार जिला स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित होने पर उन्होंने खुशी जताई।

नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं के बीच खेल, फिटनेस और अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।

    कुनकुरी में पावर लिफ्टिंग को मिला एक नया मंच

पहली बार आयोजित इस जिला स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता ने कुनकुरी में फिटनेस और खेल के प्रति युवाओं में नया जोश भर दिया। पुरुष खिलाड़ियों के साथ लड़कियों की दमदार भागीदारी ने यह भी साबित किया कि अब बेटियां भी ताकत और फिटनेस के खेल में किसी से पीछे नहीं हैं।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस जोश, जुनून और ताकत का प्रदर्शन किया, उससे कुनकुरी में पावर लिफ्टिंग के प्रति बढ़ती रुचि और नई खेल प्रतिभाओं के उभरने की उम्मीद मजबूत हुई है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post