जशपुर के विकास को मिली बड़ी रफ्तार: सीएसआर फंड से 61 करोड़ की बड़ी सौगात, शिक्षा-स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम

जशपुरनगर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले के विकास को नई गति मिली है। जिले को पहली बार सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से करीब 61 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है।

इस राशि से शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ महिलाओं और युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।

35 करोड़ की लागत से अस्पताल का कायाकल्प

जिला मुख्यालय जशपुर स्थित स्व. जगदेवराम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण के लिए एनटीपीसी लारा के सीएसआर फंड से 35 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इससे अस्पताल के नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

अस्पताल के संचालन के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। अस्पताल शुरू होने के बाद जिले के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

सन्ना में 20 करोड़ का अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र

खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से सन्ना में 20 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र बनाया जा रहा है। पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्र में बन रहा यह केंद्र स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आएगा।

केंद्र में तीरंदाजी के आधुनिक प्रशिक्षण के साथ विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। इसे पूरी तरह आवासीय स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ रहने की सुविधा भी मिलेगी।

महिलाओं को हथकरघा प्रशिक्षण, युवाओं को रोजगार

जशपुर विकासखंड के धोलेंग में आदित्य बिरला समूह के सहयोग से हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जा रहा है। 29 सीटर प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं के पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है।

प्रशिक्षुओं को हथकरघा के माध्यम से टॉवल, शॉल और साड़ी जैसे उत्पाद तैयार करने की आधुनिक तकनीक सिखाई जा रही है। केंद्र में टेक्सटाइल लैब भी स्थापित की गई है, जहां कपड़ों की गुणवत्ता जांच के साथ स्थानीय युवाओं को लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को प्लेसमेंट उपलब्ध कराने की भी योजना है।

स्कूल भवनों के निर्माण पर भी करोड़ों की राशि

सीएसआर फंड से जिले के विभिन्न विकासखंडों में नए स्कूल भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है। कांसाबेल के तुरंगाखार में प्राथमिक स्कूल भवन के लिए 20 लाख रुपये, फरसाबहार के पंडरीपानी में 1.21 करोड़, कंदईबहार में 1.21 करोड़, बगीचा के टटकेला में 75 लाख, कुनकुरी के खजूरबहार में 20 लाख, लोधमा स्कूल भवन के लिए 1.21 करोड़ तथा दुलदुला में नए स्कूल भवन के लिए 1.21 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

इन भवनों का निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं से युक्त नए स्कूल भवन मिल सकेंगे।

सीएसआर फंड के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे ये कार्य जशपुर जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post