पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय को मिली गुजरात की बड़ी जिम्मेदारी
जशपुर जिले के पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय को भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात प्रदेश का सह- प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के साथ ही जशपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जशपुर की बेटी को गुजरात जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश की सांगठनिक जिम्मेदारी मिलना जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली गोमती साय लंबे समय से पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सक्रिय पहचान बना चुकी हैं।
अब गुजरात में संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी मिलने से उनके सांगठनिक अनुभव, सक्रियता और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव का उपयोग व्यापक स्तर पर होगा।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि गोमती साय को गुजरात जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता पर पार्टी के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपनी कर्मठता, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद की क्षमता के साथ इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगी।
पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि गोमती साय को मिली नई जिम्मेदारी से छत्तीसगढ़ और विशेषकर जशपुर का मान बढ़ा है। संगठन ने उनकी कार्यक्षमता और समर्पण पर भरोसा जताते हुए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, जो जशपुर के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है।
जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि श्रीमती गोमती साय को गुजरात प्रदेश का सह-प्रभारी बनाए जाने से जशपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और गर्व का वातावरण है। उन्होंने कहा कि जशपुर की बेटी को राष्ट्रीय संगठन द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया जाना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है और यह यहां के कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
भरत सिंह ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के प्रति जशपुर भाजपा परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जशपुर की बेटी पर विश्वास जताकर न केवल श्रीमती गोमती साय का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे जशपुर भाजपा परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोमती साय गुजरात में संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।