जशपुर में मवेशी तस्करी पर कुनकुरी पुलिस का शिकंजा, 8 मवेशियों को हांककर झारखंड ले जा रहे 1 आरोपी को दबोचा। हर्राडांड–टांगरबहरी रोड पर पुलिस की घेराबंदी, 8 मवेशी और डंडा जब्त; दूसरे आरोपी की तलाश जारी।

जशपुर/कुनकुरी। मवेशी तस्करी के खिलाफ कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 मवेशियों को हांककर झारखंड के बूचड़खाने ले जाने के कथित प्रयास को नाकाम किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी अशोक कुमार यादव, निवासी वासुदेवपुर थाना दुलदुला को पकड़ा है। मामले में उसके साथी के रूप में कमलेश बढ़ई, निवासी कापा का नाम सामने आया है।


मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे ग्राम हर्राडांड से टांगरबहरी जाने वाली सड़क पर पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मवेशियों को मारते-पीटते हांककर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर कुनकुरी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर 8 मवेशियों को हांकते हुए अशोक कुमार यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में कथित तौर पर मवेशियों को गोविंदपुर, झारखंड ले जाकर वहां के व्यापारियों को बिक्री करने की बात सामने आई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 मवेशी, करीब 80 हजार रुपये कीमत, एक मोबाइल फोन और एक डंडा जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

प्रकरण की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, मुर्शिद आलम, धर्मेन्द्र यादव, सुदर्शन यादव सहित, प्रधान आरक्षक अजय कुजूर, साइबर टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा है। मामले में शामिल दूसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post