किश्तों के 9.46 लाख डकार गया कलेक्शन एजेंट! 42 हितग्राहियों से वसूली, कंपनी में जमा नहीं की रकम—पुलिस ने दबोचा। जशपुर में माइक्रो फाइनेंस कंपनी से जुड़ा अमानत में खयानत का मामला, 15 महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से वसूली गई थी राशि।


जशपुर, 04 सितंबर 2026। जशपुर में महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में वसूली गई लाखों रुपये की रकम कंपनी में जमा करने के बजाय कथित तौर पर गबन करने के मामले में पुलिस ने कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 42 हितग्राहियों से कुल 9 लाख 46 हजार 49 रुपये वसूलकर कंपनी में जमा नहीं करने का आरोप है।

मामला भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की जशपुर शाखा से जुड़ा है। कंपनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऋण की किश्तों की वसूली कलेक्शन एजेंटों के माध्यम से की जाती थी।

2022 से 2023 के बीच वसूली गई थी रकम

पुलिस के अनुसार कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान ने दिनांक 07 नवंबर 2022 से 05 जुलाई 2023 के बीच विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में 9,46,049 रुपये वसूल किए।

आरोप है कि हितग्राहियों से रकम लेने के बाद आरोपी ने उसे कंपनी की जशपुर शाखा में जमा नहीं किया और राशि का गबन कर लिया। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ।

जांच में सामने आया पूरा मामला

कंपनी के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद कंपनी स्तर पर जांच की गई, जिसमें 42 हितग्राहियों से राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने हितग्राहियों से रकम प्राप्त करने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद आरोपी ने 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से तीन महीने के भीतर राशि कंपनी में जमा करने का करार किया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी रकम जमा नहीं की गई।

पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया

शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 409 भादवि. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी कर रही थी। पुलिस ने रवि राम चौहान पिता अलप साय, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली जशपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर गबन की गई राशि और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post