जशपुर, 9 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के दौरान सड़क पर वाहनों को रोककर अवैध रूप से चंदा वसूली करने वालों पर अब पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। जिला जशपुर के उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस के आदेश के अनुसार 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इस दौरान गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों द्वारा मुख्य सड़कों पर जगह-जगह वाहनों को रोककर चंदा वसूली किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
एसएसपी कार्यालय ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने -अपने क्षेत्र में सड़कों पर पेट्रोलिंग कर विशेष निगरानी रखने और अवैध चंदा वसूली को रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने कहा गया है कि चंदा वसूली के नाम पर वाहनों का आवागमन और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। सभी थाना-चौकी प्रभारियों को कार्रवाई की जानकारी कंट्रोल रूम जशपुर को देने के साथ खैरियत रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बहरहाल गणेश उत्सव में आस्था के नाम पर सड़क पर मनमानी चंदा वसूली अब नहीं चलेगी—पुलिस की नजर बनी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।