आंगन मिलन से मजबूत हुआ जनभागीदारी का रिश्ता, ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ का गूंजा संदेश। ग्राम पंचायत घोघर के हाथामहुआ आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण जागरूकता के साथ न्योता भोज, माताओं को मिला ‘पोषण शक्ति सम्मान।



जशपुर/ग्राम पंचायत घोघर : आंगनबाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी से जोड़ने और मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत घोघर के हाथामहुआ आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता के बीच ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं को संतुलित आहार, बेहतर पोषण और स्वस्थ खानपान की आदतों के प्रति जागरूक किया गया। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं महिलाओं एवं समुदाय के सदस्यों ने पोषण प्रतिज्ञा लेकर मातृ एवं शिशु पोषण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच, बीडीसी, पंचगण एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में न्योता भोज का आयोजन किया गया। इसमें 3 से 6 वर्ष तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को फल, पपीता, केला, खीर और पूड़ी सहित गर्म दोपहर का भोजन कराया गया। उत्सव के माहौल में आयोजित इस पहल ने सामुदायिक सहभागिता और बच्चों के पोषण के महत्व को रेखांकित किया।

           उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का संचालन सेक्टर सुपरवाइजर मनोरमा टोप्पो ने किया। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बेहतर सहभागिता एवं पोषण संबंधी पहल करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक निरंतर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय का जुड़ाव बढ़ाना और मातृ एवं बाल पोषण को जनआंदोलन का रूप देना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post