रायपुर/अंबिकापुर, 14 सितंबर 2026। बारिश के बीच बदहाल सड़कों को लेकर सामने आ रहे वीडियो पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वायरल वीडियो मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यातायात का दबाव अधिक होने वाले स्थानों पर पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर नागरिकों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने को कहा है।
हर जिले की निर्माणाधीन सड़कों पर कलेक्टरों की नजर
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को बारिश के दौरान भी आवागमन योग्य बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण या मरम्मत के चलते आम नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, जलभराव है, निर्माण कार्य चल रहा है अथवा पुल-पुलिया के आसपास कटाव जैसी स्थिति है, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
गड्ढे, जलभराव और कटाव पर तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुसार सड़क पर गड्ढों की मरम्मत, समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था तत्काल की जाए। दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने के साथ सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान स्थायी निर्माण कार्यों में मौसम के कारण व्यावहारिक दिक्कतें हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सड़क को खराब स्थिति में छोड़ दिया जाए। हर हाल में नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
सड़क चाहे किसी भी एजेंसी की हो, जिम्मेदारी जिला प्रशासन की
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य निर्माण एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
उन्होंने कलेक्टरों को अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण जनता को लंबे समय तक असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।