जशपुर पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा कसने का प्लान तैयार: लंबित केसों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश, NDPS नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी पुलिस,, DIG-SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश; साइबर ठगी, यातायात उल्लंघन और गुंडा-बदमाशों पर भी सख्ती।

Deepak Verma kunkuri news. 11/09/2026

जशपुर :- जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जशपुर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में 10 सितंबर 2026 को DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, चालान, वारंट और पुराने प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। DIG-SSP ने स्पष्ट किया कि विवेचना में लापरवाही और अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

त्योहारों से पहले सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस को अभी से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित पेट्रोलिंग और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

पुलिस को त्योहारों के दौरान Visible Policing पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल का एहसास हो और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।

सरप्राइज चेकिंग से लेकर गुंडा-बदमाशों की निगरानी तक सख्ती

थाना क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, पैदल मार्च और कॉम्बिंग पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही अचानक वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के निर्देश दिए गए। गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके साथ ही गांवों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को माह में 3-4 बार गांवों का भ्रमण करने और ग्रामीणों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

NDPS पर बड़ा फोकस—सिर्फ आरोपी नहीं, पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई

मादक पदार्थों के मामलों में पुलिस को End-to-End Investigation करने के निर्देश दिए गए। DIG-SSP ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन, सप्लाई और वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

साइबर ठगी पर त्वरित एक्शन, जागरूकता अभियान को मिलेगी रफ्तार

साइबर अपराधों पर भी पुलिस ने विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साइबर हेल्पलाइन और पोर्टल से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा तकनीकी सहायता के जरिए मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस को OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड के प्रति आम लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

सड़कों पर भी सख्ती—बिना हेलमेट और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया गया।
साथ ही हेलमेट और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

CCTNS, समाधान ऐप और CM हेल्पलाइन की भी समीक्षा
बैठक में CCTNS पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट रखने, अपराध एवं आरोपियों से संबंधित रिकॉर्ड लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। होटल और लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक का समाधान ऐप के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया। CM हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का तथ्यात्मक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई, बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान

DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और सम्मानजनक पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई हो और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के एसडीओपी, डीएसपी, यातायात अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post