लोयोला कॉलेज में गूंजी जागरूकता की आवाज: साइबर ठगी से बचाव, हेलमेट और नशामुक्ति का संदेश,
NSS स्थापना दिवस पर पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को किया जागरूक, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी दी विस्तृत जानकारी।
जशपुर/कुनकुरी :- राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर लोयोला महाविद्यालय कुनकुरी में साइबर जागरूकता, यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति, हेलमेट जागरूकता सहित महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आधुनिक दौर की चुनौतियों से अवगत कराते हुए सुरक्षित, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
यातायात प्रभारी डीएसपी कुंज राम चौहान, कुनकुरी थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह चंद्रा, यातायात प्रभारी खोमराज ठाकुर एवं प्रधान आरक्षक जितेन्द्र गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।
साइबर ठगी से बचने बताए सुरक्षा के उपाय
डीएसपी कुंजराम चौहान ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल या मैसेज के झांसे में आने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। विद्यार्थियों को OTP, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
साथ ही उन्होंने साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत करने और डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।
हेलमेट और यातायात नियमों के पालन पर जोर
यातायात प्रभारी खोमराज ठाकुर ने सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन की गति नियंत्रित रखने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में यातायात नियमों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।
नशे से दूर रहने युवाओं से किया आह्वान
कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा ने विद्यार्थियों को नशे में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। विद्यार्थियों से अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी मिली महत्वपूर्ण जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति सजग रहने, किसी भी संदिग्ध या आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने तथा आसपास के लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की बात कही।
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, धमकी, साइबर अपराध या सुरक्षा संबंधी समस्या को छिपाने के बजाय समय पर पुलिस एवं संबंधित सहायता तंत्र को जानकारी देना जरूरी है।
NSS स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प
राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाजसेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक बनने के साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, हेलमेट का उपयोग, यातायात नियमों का पालन, नशे से दूरी तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों ने भी इन महत्वपूर्ण विषयों पर स्वयं जागरूक रहने और समाज के अन्य लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
NSS स्थापना दिवस पर लोयोला महाविद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ समाज में साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला-बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।