बगीचा, जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, विकासखंड बगीचा ने शिक्षक-शिक्षिकाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सेवा संबंधी मामलों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन पटेल को ज्ञापन सौंपा। जिला एवं प्रांत पदाधिकारियों के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में सेवा पुस्तिका के नियमित सत्यापन, TET सहित शैक्षणिक योग्यताओं की प्रविष्टि, विभिन्न अवकाशों का रिकॉर्ड तथा वरिष्ठता सूची को नियमानुसार अद्यतन करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
TET से लेकर अवकाश तक, सेवा रिकॉर्ड दुरुस्त करने की मांग
संघ ने मांग की कि शिक्षकों द्वारा अर्जित TET योग्यता को नियमानुसार सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाए। इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्र में पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को देय विशेष अर्जित अवकाश तथा जनगणना कार्य के दौरान विभागीय अवकाश में कार्य करने वाले शिक्षकों को नियमानुसार मिलने वाले प्रतिकर/अर्जित अवकाश की प्रविष्टि भी सेवा पुस्तिका में की जाए।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि सेवा पुस्तिका शिक्षक के सेवाकाल का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि भविष्य में वरिष्ठता, पदोन्नति अथवा अन्य सेवा लाभों के दौरान परेशानी का कारण बन सकती है।
2019, 2023 और 2025 बैच की वरिष्ठता का मुद्दा गरमाया
ज्ञापन में वर्ष 2019, 2023 एवं 2025 में नियुक्त सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) एवं शिक्षकों की वरिष्ठता का निर्धारण संबंधित नियमों एवं चयन प्रक्रिया के निर्धारित मापदंडों के अनुसार किए जाने की मांग की गई।
संघ ने वरिष्ठता सूची तैयार करते समय व्यापम की मेरिट सूची सहित संबंधित अभिलेखों और निर्धारित नियमों का समुचित परीक्षण किए जाने पर जोर दिया है। संगठन का कहना है कि वरिष्ठता का निर्धारण स्पष्ट एवं नियमानुसार होने से भविष्य में शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हर साल सेवा पुस्तिका के सत्यापन की मांग
शिक्षक संघ ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा पुस्तिका का प्रतिवर्ष सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार अद्यतन किए जाने की मांग भी रखी। साथ ही वरिष्ठता सूची में D.Ed., B.Ed. एवं TET सहित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यताओं का नियमानुसार उल्लेख करने की मांग की गई।
शिक्षक हित में लगातार आवाज उठाता रहेगा संगठन
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं एवं अधिकारों को नियम और प्रक्रिया के अनुरूप विभाग के समक्ष रखना है। सेवा अभिलेखों को सही एवं अद्यतन रखना शिक्षकों के वर्तमान सेवाकाल के साथ-साथ भविष्य की वरिष्ठता, पदोन्नति और अन्य सेवा लाभों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
इन पदाधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका
ज्ञापन सौंपने में संघ की अध्यक्ष श्रीमती दिव्या ज्योति कुजुर, सचिव श्रीमती गीता भगत, उपाध्यक्ष श्री अजदेव सिंह एवं श्री शैलेश लकड़ा, कोषाध्यक्ष श्रीमती कविता सोनी, सह कोषाध्यक्ष श्री मोहन सारथी, संगठन प्रभारी श्री सैम्युल खेस्स, सह संगठन प्रभारी श्रीमती प्रियंका यादव, शैक्षणिक प्रभारी श्री देवेन्द्र कंवर, सलाहकार श्री सुमन सिंह एवं प्रवक्ता श्रीमती लोमेश्वरी कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों की भूमिका रही।
वहीं ब्लॉक बगीचा कार्यकारी अध्यक्ष श्री चंद्रेश साहू, जिला अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार, प्रांत उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रेमी एवं प्रांत अध्यक्ष श्री धरम दास बंजारे ने विकासखंड बगीचा की टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी।
कार्रवाई की उम्मीद
ज्ञापन सौंपने के बाद शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभाग द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संघ ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के सेवा अधिकार और लंबित मामलों को लेकर संगठन आगे भी विभागीय अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाता रहेगा।