हेलमेट नहीं तो सड़क पर नहीं! दुलदुला थाना प्रभारी सुनील सिंह की सख्ती, सैकड़ों दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई।
जशपुर/दुलदुला :- पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर हेलमेट चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना दुलदुला पुलिस द्वारा भी विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए गए सैकड़ों वाहनों को रोककर थाने में खड़ा कराया गया। वाहन चालकों को नया हेलमेट लाने अथवा घर से हेलमेट मंगाकर पहनने के बाद ही वाहन ले जाने की अनुमति दी गई।
दुलदुला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें। सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट गंभीर चोट से जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दोपहिया वाहन चालक स्वयं हेलमेट पहनें और अपने साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। दुलदुला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और हर बार दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।