जशपुर/बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के महादेवडांड़ में गिरदावरी का काम कर रहे युवक को तलवार दिखाकर डराने-धमकाने और रुपए मांगने का मामला सामने आया है। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने युवक की मोटरसाइकिल लूट ली और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में जशपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर को किसानपारा के पास हुई थी। पीड़ित संतोष कुमार खेतों की गिरदावरी कर रहा था, तभी आरोपी तलवार लेकर पहुंचे और उससे पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि चारों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
बगीचा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की है।