जशपुर/दुलदुला - भाजपा में अंदरूनी खींचतान तेज! मंडल अध्यक्ष ने रविन्द्र गुप्ता को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मांग..

भाजपा में अंदरूनी खींचतान तेज! मंडल अध्यक्ष ने रविन्द्र गुप्ता को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मांग की

जशपुर/दुलदुला :- भारतीय जनता पार्टी मंडल दुलदुला की अध्यक्ष श्रीमती सरोजनी सिंह ने जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह को पत्र भेजकर रविन्द्र कुमार गुप्ता को पार्टी के प्राथमिक सदस्य एवं पार्टी द्वारा दी गई समस्त जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मांग की है। पत्र सामने आने के बाद दुलदुला भाजपा की अंदरूनी सियासत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पत्र में मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि रविन्द्र कुमार गुप्ता, ग्राम पतराटोली, तहसील दुलदुला के निवासी हैं और चराईडांड क्षेत्र से जनपद सदस्य होने के साथ जनपद पंचायत दुलदुला में उपाध्यक्ष के पद पर हैं। पत्र के अनुसार उनके पिता भीम प्रसाद गुप्ता कांग्रेस समर्थक रहे हैं।

मंडल अध्यक्ष का दावा है कि जनपद पंचायत सदस्य चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थक मतदाताओं का समर्थन मिलने के कारण रविन्द्र गुप्ता चुनाव जीते। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भी कांग्रेस जनपद सदस्यों के समर्थन से जीत हासिल करने तथा भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के दावेदार का विरोध करने का आरोप पत्र में लगाया गया है।


अलग गुट बनाकर कांग्रेसियों को बढ़ावा देने का आरोप

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि रविन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा अलग गुट बनाकर कांग्रेसियों को बढ़ावा देने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के हित के विपरीत बताते हुए कहा है कि इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष है और भविष्य में कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी के प्रति भारी रोष उत्पन्न हो सकता है।

मंडल अध्यक्ष ने पार्टी हित में रविन्द्र कुमार गुप्ता को भाजपा से हटाने की आवश्यकता बताते हुए मंडल बैठक में उन्हें पार्टी से हटाए जाने का निर्णय लिए जाने का भी उल्लेख किया है।

पत्र में जिला भाजपा अध्यक्ष से आग्रह किया गया है कि पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए रविन्द्र कुमार गुप्ता एवं उनके पिता भीम प्रसाद गुप्ता को भाजपा के प्राथमिक सदस्य एवं पार्टी द्वारा दी गई समस्त जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए।

इस पत्र की प्रतिलिपि भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, भाजपा कार्यालय बगिया तथा भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

अब बड़ा सवाल यह है कि मंडल अध्यक्ष की इस मांग पर जिला भाजपा का नेतृत्व क्या निर्णय लेता है? पत्र सामने आने के बाद दुलदुला भाजपा की सियासत में हलचल बढ़ना तय माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post