08/11/2026
जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। महज 5 साल के मासूम की हत्या कर उसके शव को खेत में बने गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी से लपेटकर छिपा दिया गया। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम का 5 वर्षीय बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर 2026 से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में बने एक गड्ढे से बच्चे का शव बरामद हुआ। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था।
मासूम का शव मिलने की सूचना पर सन्ना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आने पर थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 137(1)(ख) एवं 238(क) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
रिश्तेदारी में जुड़ा संदेही, पुलिस हिरासत में
जांच के दौरान पुलिस ने वासुदेव उर्फ टांगनु, निवासी गोरियापाठ चलनी, थाना सन्ना को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं। फिलहाल संदेही से हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
पांच साल के मासूम की बेरहमी से हत्या किस वजह से की गई और शव को खेत के गड्ढे में किसने छिपाया, इन सवालों का जवाब फिलहाल पुलिस जांच में सामने आना बाकी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा पाएगी।
अब पूरे इलाके की नजर पुलिस जांच पर टिकी है। आखिर पांच साल के मासूम की जान किसने और क्यों ली? इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह का खुलासा होना अभी बाकी है।