जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाटोली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने खाना मांगने की बात पर हुए विवाद में अपनी ही मां पर अधजले लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष) बीते 7 नवंबर की रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उसने अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर से खाना मांगा। मां ने घर में दिन का खाना रखे होने की बात कहकर खुद निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर बेरहमी से कई वार कर दिए।
बीच-बचाव करने पहुंची अपनी बहन को भी आरोपी ने डंडे से पीटा और छोटे भाई को धमकाकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला को परिजनों ने एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।